Rajasthan Police Foundation Day: राजस्थान पुलिस आज अपना 77वां स्थापना दिवस मना रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुलिस की मोटरसाइकिल बटालियन और घुड़सवार जवानों के साथ समारोह स्थल तक पहुंचे। उन्होंने परिसर में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और परेड की सलामी ली। उन्होने प्रदेश के जवानों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
पुलिस पेंशनर्स को मिला ‘डिजिटल उपहार’
स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस कल्याण की दिशा में एक बड़ी और अनूठी पहल की। उन्होंने राजस्थान पुलिस पेंशनर्स पोर्टल (Rajasthan Police Pensioners Portal) का लोकार्पण किया। इस विशेष सेवा को राजकॉप सिटीजन एप (RajCop Citizen App) से जोड़ा गया है।
इस पोर्टल के शुरू होने से अब राजस्थान पुलिस के हजारों पेंशनर्स और उनके परिजन घर बैठे डिजिटल सेवाओं का लाभ ले पाएंगे, जिससे उन्हें अपनी पेंशन संबंधी कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा।
3 नागरिकों को राज्य स्तरीय सम्मान
पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में पुलिस के जवानों के अलावा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 3 आम नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिरोही के समाजसेवी प्रकाश प्रजापति, झालावाड़ के सुरजीत कश्यप और उदयपुर की बाल सुरक्षा सलाहकार श्रीमती सिंधु बिनुजीत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ के आदेशानुसार इन तीनों ने समाज सेवा में अनुकरणीय भूमिका निभाई है।
बाल संरक्षण की अलख जगाने वाली सिंधु बिनुजीत की कहानी
सम्मानित होने वालों में उदयपुर की सिंधु बिनुजीत का नाम विशेष चर्चा में रहा है। वर्ष 2010 से डूंगरपुर के आदिवासी क्षेत्रों में बाल श्रम और पलायन रोकने के लिए उन्होंने यूनिसेफ के साथ मिलकर ‘वत्सल वार्ता’ और ‘बाल मित्र थाने’ जैसे नवाचार किए. उनके प्रयासों से बच्चों के मन से पुलिस का भय समाप्त हुआ। साल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) भी उनके इस मॉडल से प्रभावित होकर इसे पूरे राज्य में लागू करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रदेशभर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जयपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कोटा में रेंज आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल और एसपी तेजस्विनी गौतम की मौजूदगी में परेड हुई और पौधरोपण किया गया। कोटपूतली में एसपी सतवीर सिंह ने झंडारोहण किया। बांसवाड़ा में एसपी सुधीर जोशी ने 54 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। डूंगरपुर में एसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में सेरेमोनियल परेड के साथ-साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


