जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बालश्रम करते बालक और भिक्षावृत्ति करती बालिका को रेस्क्यू किया है। बालश्रम कराने वाले फैक्ट्री मालिक और भिक्षावृत्ति कराने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। वहीं जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अप्रैल-मई माह में अपने बैंक खाते साइबर फ्रॉडरों को उपलब्ध करवाने वाले 73 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, रेलवे सुरक्षा बल ने लूणी स्टेशन पर ट्रेन में अफीम ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ा है। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले खाताधारकों और बिचौलियों के विशेष ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या के नेतृत्व में जिले में अप्रैल-मई में विशेष ऑपरेशन “म्यूल हंटर“ चलाया गया। कमिशन और लाभ के लालच में आकर अपने बैंक खाते साइबर फ्रॉडरों को उपलब्ध करवाने वाले 73 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन और 1 एटीएम कार्ड जब्त किया गया है। वहीं, संदिग्ध लेनदेन वाले 215 खाताधारकों से पूछताछ की गई और उन्हें ऑनलाइन शिकायतों से संबंधित पुलिस थानों को भेजा गया है।
एक साल से फरार 5 हजार के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार जोधपुर ग्रामीण डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने एक साल से फरार 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या ने बताया कि डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने पुलिस थाना बालेसर के एक मामले में वांछित 5,000 रुपए के इनामी अपराधी प्रकाश, पुत्र चुन्नीलाल, निवासी दौतड़ी खेड़ा, पुलिस थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ को पकड़ा है। बुधवार को डीएसटी के कॉन्स्टेबल पप्पूराम की सूचना पर आरोपी को ग्राम दौतड़ी खेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ से पकड़ा गया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे पुलिस थाना शेरगढ़ को सुपुर्द किया गया है। इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, कॉन्स्टेबल वीरेंद्र चौधरी, कमांडो सोहनराम और पप्पूराम की मुख्य भूमिका रही। बालश्रम में लगे बालक को कराया मुक्त कमिशनरेट पुलिस के विशेष अभियान उमंग-VII के तहत जिला पश्चिम के पुलिस थाना राजीव गांधी नगर और सरदारपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत बालश्रम करते एक बालक और भिक्षावृत्ति करती एक बालिका को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। बालश्रम कराने वाले फैक्ट्री मालिक और भिक्षावृत्ति कराने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। पहली कार्रवाई: पुलिस थाना राजीव गांधी नगर के उपनिरीक्षक पिंटू कुमार ने अरुण बर्फ फैक्ट्री से एक बालक को बर्फ की भारी सिल्लियां उठाते हुए (बालश्रम करते हुए) रेस्क्यू किया और बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। फैक्ट्री मालिक अरुण कुमार सिंधी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 79 एवं बीएनएस (BNS) की धारा 146 के तहत प्रकरण दर्ज करवाया गया है। दूसरी कार्रवाई: पुलिस थाना सरदारपुरा के उपनिरीक्षक दीपलाल ने सरदारपुरा सातवीं रोड स्थित मस्जिद के पास से एक बालिका को भिक्षावृत्ति करते हुए रेस्क्यू किया और बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। बालिका से भिक्षावृत्ति कराने के जुर्म में मीना देवी (पत्नी सखाराम) के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 76 के तहत प्रकरण दर्ज करवाया गया है। ट्रेन से पकड़ा अफीम तस्कर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने लूणी स्टेशन पर ट्रेन से अफीम के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ ने बुधवार रात ट्रेन नंबर 20495 (जोधपुर-हडपसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के जनरल कोच में बताए गए हुलिए के एक संदिग्ध व्यक्ति को यात्रा करते हुए पाया। रात करीब 23:25 बजे जैसे ही ट्रेन लूणी रेलवे स्टेशन पहुंची, आरपीएफ चौकी स्टाफ ने उस संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन से उतार लिया और चौकी लेकर आए। सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम सुरेश पुरी (25), निवासी गांव-पडासला, तहसील-बापिणी, जिला-फलौदी (राजस्थान) बताया। जब उसके काले रंग के बैग की तलाशी ली गई, तो कपड़ों के बीच एक प्लास्टिक का डिब्बा मिला, जो खाकी रंग की टेप से पैक था। उसे खुलवाने पर अंदर कागजों के बीच एक प्लास्टिक की थैली मिली, जिसमें से 253 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट ‘भगत की कोठी’ को सुपुर्द कर दिया है।


