महासमुंद जिले के सरायपाली पुलिस ने दर्राभांठा स्थित 132 केवी बिजली ऑफिस के पास नाकाबंदी कर एक मारुति वैन से 450 लीटर महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस को 17 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पुरानी मारुति वाहन (क्रमांक सीजी 04 एचए 3326) में भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर सारंगढ़ रोड से सरायपाली की ओर आ रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिजली ऑफिस 132 केवी दर्राभांठा के पास नाकाबंदी की। 15 प्लास्टिक ड्रमों में 450 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 15 प्लास्टिक ड्रमों में कुल 450 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह शराब सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र से लाकर सरायपाली में खपाने की योजना थी। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए पुरानी मारुति वैन का उपयोग कर रहा था। आबकारी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई पूछताछ में वाहन ड्राइवर ने अपना नाम फागुलाल थुरिया (26) बताया, जो शांति नगर कनकबीरा, पुलिस चौकी कनकबीरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का निवासी है। आरोपी फागुलाल थुरिया के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे 17 मई को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


