DM आवास के पास ट्रांसफार्मर से 350 लीटर तेल चोरी:बाराबंकी में वीआईपी इलाके में सुरक्षा पर सवाल, भीषण गर्मी में बिजली गुल

DM आवास के पास ट्रांसफार्मर से 350 लीटर तेल चोरी:बाराबंकी में वीआईपी इलाके में सुरक्षा पर सवाल, भीषण गर्मी में बिजली गुल

बाराबंकी शहर के वीआईपी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र के तहत जिलाधिकारी (DM) आवास के पास मुख्य मार्ग पर रखे एक ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों ने लगभग 350 लीटर तेल चुरा लिया। यह घटना बीती रात हुई। चोर बड़ी आसानी से तेल चुराकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इस संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इतनी बड़ी चोरी की भनक गश्त कर रही पुलिस टीम को भी नहीं लगी। इस दुस्साहसिक वारदात का खामियाजा अब स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार सुबह बिजली विभाग को चोरी की जानकारी मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच ट्रांसफार्मर का तेल गायब हो जाने के कारण सोमवार सुबह से ही पूरे इलाके की बिजली गुल है। इससे स्थानीय लोग बेहाल हैं।

विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई है। मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर को खराब होने से बचाने के लिए सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काटी गई है। एसडीओ ने जानकारी दी कि मामला उनके संज्ञान में है। नया तेल आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही बिजली आपूर्ति दोबारा चालू की जा सकेगी। फिलहाल, पुलिस को मामले की तहरीर दे दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *