अयोध्या में 28 हजार किशोरियों को लगेगा HPV टीका:अब तक सिर्फ 521 को लगी डोज, सीएमओ ने दिए तेजी के निर्देश

अयोध्या में 28 हजार किशोरियों को लगेगा HPV टीका:अब तक सिर्फ 521 को लगी डोज, सीएमओ ने दिए तेजी के निर्देश

अयोध्या में महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए शासन की ओर से जनपद में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को निशुल्क टीका लगाया जा रहा है। जिले को इस अभियान के लिए कुल 28 हजार 836 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीकाकरण अभियान 6 अप्रैल से शुरू किया गया था, लेकिन अब तक अभियान की गति अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। अब तक जिले में केवल 521 किशोरियों को ही एचपीवी का टीका लगाया जा सका है। लक्ष्य की तुलना में कम प्रगति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को पत्र जारी कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि एएनएम अपने-अपने क्षेत्रों में आशा और संगिनी के साथ नियमित बैठकें करें तथा अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही रोस्टर दिवस पर नामित प्रत्येक एएनएम को कम से कम दस लाभार्थियों को टीका लगाने का लक्ष्य अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जागरूकता बढ़ने से अभियान में तेजी आएगी और अधिक किशोरियां इसका लाभ उठा सकेंगी। एचपीवी टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. पी सी भारती ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन परिवारों में 14 से 15 वर्ष की किशोरियां हैं, वे उन्हें अवश्य टीका लगवाएं। यह टीका महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में प्रभावी माना जाता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *