हरदोई में सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। जिले के आठ केंद्रों पर तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 20,736 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के QR कोड जारी किए हैं। यह परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छह पालियों में संपन्न होगी। यह लिखित परीक्षा पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। शहर के आठ शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों में आर्य कन्या महाविद्यालय सदर बाजार, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, गंगा देवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरआर इंटर कॉलेज और श्री वेणी माधव बालिका पीठ इंटर कॉलेज शामिल हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 बजे से 6 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 3,456 आवेदक परीक्षा देंगे, जिससे तीनों दिनों में कुल 20,736 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुल 369 कक्ष निरीक्षकों को तैनात किया गया है, और अतिरिक्त निरीक्षक भी रिजर्व में रखे गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त, केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए जाएंगे।


