सागर गोलीकांड में 2 और आरोपी गिरफ्तार:कुल 5 लोग गिरफ्त में, इनमें एक महिला और नाबालिग भी; मुख्य आरोपी यश अब भी फरार

सागर गोलीकांड में 2 और आरोपी गिरफ्तार:कुल 5 लोग गिरफ्त में, इनमें एक महिला और नाबालिग भी; मुख्य आरोपी यश अब भी फरार

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित गौंड बब्बा चबूतरा इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। इस हत्याकांड में पुलिस अब तक एक महिला सहित कुल पांच आरोपियों को पकड़ चुकी है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी यश अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 मई की रात करीब 10:30 बजे की है। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फरियादी ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की थी। इसी दौरान एक आरोपी ने अवैध हथियार से फायर कर दिया। गोली लगने से मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। विवाद में फरियादी ओम साहू पर भी चाकू से हमला किया गया था। लोकेशन ट्रेस कर दो और को पकड़ा
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। शनिवार को लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तुत्तू उर्फ शैलेंद्र रैकवार (22 वर्ष, निवासी तिरुपतिपुरम) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। अब तक एक महिला और 2 नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार
इससे पहले शुक्रवार को भी पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन आरोपियों को पकड़ा था। इनमें आर्यन आठिया (18 वर्ष, निवासी तिली गांव), एक 16 वर्षीय नाबालिग और एक 60 वर्षीय महिला शामिल थी। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि हत्या के इस मामले में कुल 6 आरोपी बनाए गए हैं। इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी यश की तलाश में लगातार दबिश
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड का मुख्य आरोपी यश अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *