मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और जनपदीय सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गौ-तस्कर गैंग के दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सीएचसी भावनपुर भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, एक अधजली मोटरसाइकिल और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई करीब आठ दिन पहले गांव जिठौली के खेत में गौवंश के अवशेष मिलने के बाद शुरू हुई थी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद मुरलीपुर निवासी प्रमोद पुत्र रतन सिंह ने भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार देर रात पुलिस टीम निर्माणाधीन हाईवे के पास ग्राम लडपुरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध गौकशी के इरादे से भावनपुर से किनानगर की ओर जा रहे हैं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मान उर्फ फरमान (निवासी लिसाड़ी गेट) और उमर दराज (निवासी किठौर) घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। हालांकि, एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने आवारा गौवंशों को पकड़कर उनका मांस बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


