18 अक्टूबर को निकलेगी 2.5 किमी लंबी चुनरी यात्रा:इंदौर में बिजासन माता को अर्पित करेंगे सूरत में बनी चुनरी; 3 हजार कार्यकर्ता संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था

18 अक्टूबर को निकलेगी 2.5 किमी लंबी चुनरी यात्रा:इंदौर में बिजासन माता को अर्पित करेंगे सूरत में बनी चुनरी; 3 हजार कार्यकर्ता संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था

इंदौर में 18 अक्टूबर को 2.5 किमी लंबी चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे बड़ा गणपति मंदिर से शुरू होने वाली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। सूरत में मुस्लिम कारीगरों द्वारा तैयार की गई चुनरी बिजासन माता को अर्पित की जाएगी। यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 3 हजार चुनरी रक्षक तैनात रहेंगे। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म को सशक्त बनाने का संकल्प लेना है। बड़ा गणपति मंदिर से शुरू होगी यात्रा यात्रा संयोजक और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि यात्रा सुबह 10 बजे बड़ा गणपति मंदिर से शुरू होगी। यहां से पीलिया खाल, अग्रसेन नगर चौराहा, रामचंद्र नगर चौराहा, शिक्षक नगर चौराहा, कालानी नगर चौराहा और विद्याधाम मंदिर होते हुए यात्रा एयरपोर्ट थाने के सामने बने विशाल मंच तक पहुंचेगी। यातायात बाधित न हो, इसके लिए 3 हजार चुनरी रक्षक व्यवस्था संभालेंगे। एयरपोर्ट जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते यात्रा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए एयरपोर्ट जाने वाले यात्री छोटा बांगड़दा से सुपर कॉरिडोर होते हुए एयरपोर्ट और बिजासन मंदिर रोड पहुंच सकेंगे। एयरपोर्ट से शहर की ओर आने वाला टू-लेन ट्रैफिक चालू रहेगा। एयरपोर्ट रोड के समानांतर पल्हर नगर (60 फीट रोड), छोटा बांगड़दा मार्ग और सुपर कॉरिडोर पर यातायात निर्बाध रूप से संचालित रहेगा। भंवरकुआं, अन्नपूर्णा और महूनाका से एयरपोर्ट रोड जाने वाले लोग चंदन नगर, सिरपुर, जवाहर टेकरी, चोइथराम हॉस्पिटल चौराहा, नावदा, ग्राम रिंझलाय और हिंकारगिरी होते हुए एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। मंच से जनप्रतिनिधि दिलाएंगे संकल्प सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल, राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट संबोधित करेंगे। इनके अलावा पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, सांसद शंकर लालवानी, सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन, कृष्णमुरारी मोघे व बाबूसिंह रघुवंशी सहित वरिष्ठ भाजपा नेता भी क्षेत्र की जनता और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। वे सभी को सनातन धर्म को सशक्त बनाने का संकल्प दिलाएंगे। दो लाख सलमा-सितारों से सजी चुनरी संकल्प के बाद यात्रा फिर शुरू होगी और बिजासन माता मंदिर पहुंचेगी। यहां सूरत में मुस्लिम कारीगरों द्वारा तैयार की गई चुनरी माता के चरणों में अर्पित की जाएगी। चुनरी पर दो लाख सलमा-सितारे, चमकदार सजावट, गोटे और मोती लगाए गए हैं। यात्रा में कई संत-महात्मा भी शामिल होंगे। मंच के साथ कई संत बग्घियों में चलकर लोगों को आशीर्वाद देंगे। यात्रा में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्वागत मंचों पर प्लास्टिक इस्तेमाल न करने की अपील यात्रा संयोजक ने यात्रा का स्वागत करने वाली सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक, खेल और व्यापारिक संस्थाओं, रहवासी संघों तथा गरबा मंडलों से अपील की है कि स्वागत मंचों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *