बैतूल में अवैध शराब केस में आरोपी गिरफ्तार:छतरपुर में शराब की 16 पेटियां जब्त हुई थीं, फरार आरोपी पाथाखेड़ा से पकड़ा; स्कॉर्पियो जब्त

बैतूल में अवैध शराब केस में आरोपी गिरफ्तार:छतरपुर में शराब की 16 पेटियां जब्त हुई थीं, फरार आरोपी पाथाखेड़ा से पकड़ा; स्कॉर्पियो जब्त

बैतूल में सारणी पुलिस ने ग्राम छतरपुर में अवैध शराब भंडारण के मामले में फरार आरोपी मुकेश धुर्वे (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 13 अक्टूबर को पाथाखेड़ा से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है। जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को ग्राम छतरपुर में कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब की 16 पेटियां जब्त की गई थीं। इनमें बीयर, व्हिस्की और देशी शराब शामिल थी। कुल 149 लीटर 160 मिलीलीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में कुड्डो पति भूरे धुर्वे के कब्जे से शराब बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान मुकेश पिता बलमू धुर्वे निवासी छतरपुर कथित तौर पर स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को उसे पाथाखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में सारणी थाने में अपराध क्रमांक 325/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के प्रेस नोट में आरोपी के पहले भी अवैध शराब बिक्री, कोयला परिवहन और रेत उत्खनन से जुड़े मामलों में संलिप्त रहने का उल्लेख किया गया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में की गई। इसमें पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *