आगर मालवा जिले में लोड शेडिंग के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान 36 गांवों के लोग मंगलवार दोपहर देहरिया बिजली ग्रिड पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के अफसरों और तहसीलदार राजेश श्रीमाल को ज्ञापन सौंपकर रोज-रोज की कटौती बंद करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बिजली सप्लाई ठीक नहीं हुई, तो वे नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करेंगे। चक्काजाम की बात सुनकर सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद अफसरों ने तीन दिन के भीतर बिजली कटौती की समस्या दूर करने का भरोसा दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से गांव वालों का सामान्य कामकाज ठप हो रहा है। लंबे समय से चल रही इस समस्या से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग ग्रिड पर जमा हो गए। 36 गांवों में छाया अंधेरा देहरिया ग्रिड से इलाके के दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं, जहां कटौती का असर पड़ रहा है। इस ग्रिड से लालाखेड़ी, बन्दा, ढोलाखेड़ी, खेजड़ाखेड़ी, पितापुरा, करकड़िया, गुराड़ी बंगला, जीवापुरा, खीमापुरा और कोटड़ा समेत कुल 36 गांव जुड़े हैं। इन सभी गांवों के लोगों ने साफ कहा है कि अगर तीन दिन में नियमित बिजली नहीं मिली, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

