अमरोहा में 16 साल का युवक लापता:परिजन पड़ोसी पर लगा रहे आरोप, एसपी से की बरामदगी की मांग

अमरोहा में 16 साल का युवक लापता:परिजन पड़ोसी पर लगा रहे आरोप, एसपी से की बरामदगी की मांग

अमरोहा नगर के मोहल्ला सराय कोहना से 16 वर्षीय किशोर कुनाल, पुत्र विनोद, 25 अप्रैल से लापता है। इस मामले में परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है। परिवार ने सोमवार को अमरोहा एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर किशोर को जल्द बरामद करने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि किशोर को आखिरी बार गुड्डू नामक व्यक्ति ने बुलाया था, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। किशोर की मां ने गुड्डू पर सीधा संदेह व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका बेटा उसी के बुलावे पर गया था और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इस बीच, परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है और जांच की गति धीमी है। सोमवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने अपने बेटे की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई और मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं तेज जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *