अंबेडकरनगर के हंसवर क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में एक बेटे को कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आरोपी दिनेश कुमार को 10 वर्ष के कठोर कारावास और 12,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह मामला 12 मार्च 2025 का है। मृतक मिठाई लाल (64) दिल्ली में रहते थे और अपने परिजनों से अलग थे। वे अपने दिवंगत भाई के बेटे की शादी में शामिल होने गांव मोहम्मदपुर मुसलमान आए थे और अपने भतीजे अंकित के घर ठहरे हुए थे। घटना के दिन, मिठाई लाल सरकारी राशन की दुकान से गल्ला लेकर घर पर बैठे थे। इसी दौरान, शराब के आदी उनके बेटे दिनेश कुमार (35) को इसकी जानकारी मिली। दिनेश अपने पिता के पास पहुंचा और उनसे विवाद करने लगा। नोकझोंक के दौरान, दिनेश ने गुस्से में डंडे से मिठाई लाल के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भतीजे अंकित की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मामले में चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की थी, जिसके बाद अब कोर्ट ने दिनेश को यह सजा सुनाई है।


