हापुड़ में नवजात की मौत पर अस्पताल में हंगामा, VIDEO:परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस ने शांत कराया मामला

हापुड़ के गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल में मंगलवार को नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, गिरधारी नगर निवासी ऋषभ अग्रवाल अपनी पत्नी अपूर्वी (24) को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को देवनंदिनी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक चिकित्सकों ने पहले सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया, लेकिन महिला की स्थिति को देखते हुए बाद में सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों की सहमति के बाद सोमवार को ऑपरेशन किया गया, जिसमें अपूर्वी ने एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के बाद बिगड़ी नवजात की हालत परिजनों का आरोप है कि जन्म के कुछ समय बाद ही नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने बच्चे को विशेष निगरानी में रखते हुए मशीनों के सहारे उपचार शुरू किया। परिवार का कहना है कि उन्होंने बच्चे को किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग की थी, लेकिन चिकित्सकों ने अपने स्तर पर इलाज करने का भरोसा दिलाया।
ऋषभ अग्रवाल के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे अस्पताल से फोन कर बताया गया कि बच्चे की हालत गंभीर है और उसे एक विशेष इंजेक्शन लगाने की जरूरत है, जिस पर लगभग 30 हजार रुपये का खर्च आएगा। साथ ही बच्चे को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखने की बात भी कही गई। अस्पताल पहुंचने पर मिली मौत की सूचना परिजनों का कहना है कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें नवजात की मौत की जानकारी दी गई। इस सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मां अपूर्वी की तबीयत भी बिगड़ गई। नवजात की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कराया मामला शांत हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि बच्चे को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए थे। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि नवजात की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए थे, जिन्हें समझाकर शांत कराया गया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में तहरीर प्राप्त होती है तो जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *