हाईकोर्ट की फटकार बाद प्रयागराज में जलभराव का निरीक्षण:डीएम और नगर आयुक्त ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

हाईकोर्ट की फटकार बाद प्रयागराज में जलभराव का निरीक्षण:डीएम और नगर आयुक्त ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

प्रयागराज में रविवार से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने कमिश्नर प्रयागराज के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर हालातों का जायजा लिया। डीएम ने निरीक्षण के बाद बताया कि नगर निगम द्वारा पंपिंग सेट लगाकर पानी को खाली कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते जॉर्ज टाउन, टैगोर टाउन, अल्लापुर और करेली जैसे निचले स्तर पर बसे मोहल्लों में जलभराव हो गया है। डीएम के मुताबिक, नगर निगम के साथ-साथ जल निगम और गंगा प्रदूषण की टीमें भी पानी निकासी के काम में लगी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कई मोहल्लों से पानी निकाला जा चुका है और जल्द ही सभी मोहल्लों से पानी निकाल लिया जाएगा। डीएम ने इस जलभराव का कारण भारी बारिश और इन मोहल्लों की चोक ड्रेन को बताया। बाढ़ की स्थिति पर डीएम ने बताया कि गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, लेकिन वे अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। डीएम ने कहा कि बाढ़ आने पर राजापुर, छोटा बघाड़ा, अशोक नगर नेवादा जैसे कई इलाके प्रभावित होते हैं। अगले कुछ दिनों में इन मोहल्लों में पानी आ सकता है, जिसके मद्देनजर आपदा तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है। संगम क्षेत्र और तटीय इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। बाढ़ चौकियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जहां बाढ़ प्रभावित लोगों को ठहराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करते हुए डीएम ने बताया कि यमुना नगर जोन की कोरांव तहसील में बेलन नदी का जलस्तर दो दिनों से बढ़ने के कारण कई गांव प्रभावित हुए हैं। कुछ गांवों में रास्ते भी कट गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *