हरियाणा के नगर परिषद हांसी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 30वें दिन भी जारी रही। शुक्रवार को कर्मचारियों ने विरोध का एक तरीका अपनाते हुए नगर परिषद प्रांगण में मुंडन करवाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। मुंडन करवाने वालों में सफाई कर्मचारी जगदीश, सुखदेव और फायरमैन सुभाष शामिल थे। ये तीनों कर्मचारी कई सालों से कच्चे कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे हैं और पिछले 30 दिनों से हड़ताल पर बैठे हैं। सरकार कर रही 12 मांग मानने का दावा : रेखा सफाई कर्मचारी यूनियन की हांसी इकाई की उपाध्यक्ष रेखा ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की 12 मांगें मानने का दावा कर रही है। हालांकि, जब तक इन मांगों को लेकर सरकार की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं होते और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा नहीं की जाती, तब तक यह सिर्फ एक वादा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार लिखित आदेश जारी कर दे तो कर्मचारी एक घंटे में हड़ताल खत्म कर शहर की सफाई का काम संभाल लेंगे। रेखा ने यह भी आरोप लगाया कि हड़ताल में शामिल सफाई कर्मचारियों और उनका साथ देने वाले दूसरे कर्मचारियों को सरकार की ओर से नोटिस दिए जा रहे हैं। लेकिन, कर्मचारियों का कहना है कि वे इनसे डरेंगे नहीं। मंत्रियों के फोटो हाथ में लेकर की नारेबाजी प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मंत्री विपुल गोयल, मंत्री कृष्ण बेदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फोटो हाथों में लेकर नारे लगाए। इस दौरान काफी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। अगर बारिश होती है तो शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सड़कर बीमारियां फैला सकते हैं। इससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी। उन्होंने सरकार से जल्द बातचीत करके उनकी मांगों का हल निकालने की अपील की।

