लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में 11 सितंबर की रात कैंची से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल बुटीक कारोबारी मुश्ताक अंसारी (52) की बुधवार देर रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने एहतियातन इलाके में बल तैनात कर दिया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई। ज्वैलर्स की दुकान के सामने हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात विकासनगर सेक्टर-3 स्थित श्री सिद्धि विनायक ज्वैलर्स के सामने विवाद के दौरान मुश्ताक अंसारी पर कैंची से हमला किया गया था। आरोपी ने उनकी गर्दन पर कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल मुश्ताक को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सैलून संचालक पर सट्टा और गांजा बेचने का आरोप मृतक के बेटे सुफियान ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में महादेव क्लासिक सैलून चलाने वाले पंकज कुमार पर दुकान में सट्टा खिलाने और गांजा बेचने का आरोप था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत विकासनगर थाने में की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद पंकज मुश्ताक और अन्य लोगों को धमकी दे रहा था। हत्या के प्रयास में दर्ज हुई थी एफआईआर घटना के बाद विकासनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। मुश्ताक की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में धाराएं बढ़ाने समेत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से इलाके में सतर्कता बढ़ाते हुए निगरानी की जा रही है।

