संभल की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को नया रूप देने की कोशिशें तेज हो गई हैं। योगी सरकार संभल को धार्मिक पर्यटन और ऐतिहासिक जगहों के विकास से जोड़ने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने संभल की कई जगहों का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति देखी। डीएम खंडेलवाल शाम करीब चार बजे चन्द्रेश्वर तीर्थ, चंदायन, भवानीपुर और ऐंचोड़ा कम्बोह पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और मौके पर आ रही दिक्कतों को पहचाना। प्रशासन उन योजनाओं को तेजी देना चाहता है, जो जमीन, विभागों के तालमेल या किसी और तकनीकी वजह से रुकी हुई हैं। देखें, 3 तस्वीरें…. संभल में टूरिज्म फैसिलिटेशन सेंटर, चंदायन तीर्थ, दधीचि आश्रम और महिष्मती नदी से जुड़ी योजनाओं को भी विकास में शामिल किया गया है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी कोई रुकावट आ रही है, उसे दूसरे विभागों के साथ मिलकर जल्द सुलझाया जाए। इससे योजनाओं का काम समय पर आगे बढ़ सकेगा। करीब एक साल से रुकी चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण की योजना को भी अब तेजी मिलेगी। यहां सौंदर्यीकरण के साथ पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने की योजना है। इसके लिए बिजली की लाइनों को हटाने के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं। लाइनें हटने के बाद चौराहे के सौंदर्यीकरण का अगला काम शुरू होने की उम्मीद है।
प्रशासन के अनुसार, संभल की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को बचाते हुए उसे पर्यटन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए जमीन, विभागों के तालमेल और काम की गति से जुड़ी सभी रुकावटों को दूर कर योजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

