सुनील जाखड़ ने Punjab में जल्द Model Code of Conduct लागू करने की मांग की

सुनील जाखड़ ने Punjab में जल्द Model Code of Conduct लागू करने की मांग की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नेता सुनील जाखड़ ने बृहस्पतिवार को पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखकर अपील की कि वह निर्वाचन आयोग से राज्य में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) को जल्द लागू करने की सिफारिश करें। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘बिगड़ती’ जा रहा है। जाखड़ ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को लिखे एक पत्र में कहा कि राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए अबोहर में नशा-विरोधी मैराथन आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘मैं आपका ध्यान पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति की ओर दिलाना चाहता हूं। भगवंत मान सरकार ने स्वयं स्वीकार किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, क्योंकि उन्होंने खराब हालात का हवाला देते हुए एक मैराथन कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया है।’’
जाखड़ ने लिखा, ‘‘मैं आपसे तुरंत हस्तक्षेप करने और निर्वाचन आयोग से राज्य में जल्द से जल्द आदर्श आचार संहिता लागू करने की सिफारिश करने का अनुरोध करता हूं, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें, और लोग बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।’’
भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने अबोहर के अनुमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के पत्र की एक प्रति भी संलग्न की, जिसमें कहा गया है कि अबोहर शहर में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर मैराथन आयोजित करने के लिए ‘अनापत्ति प्रमाण पत्र’ (एनओसी) जारी नहीं किया जा सकता। एसडीएम ने 27 अक्टूबर को पत्र सुनील जाखड़ के परिवार द्वारा चलाए जा रहे ‘जाखड़ ट्रस्ट’ को लिखा था।

जाखड़ ने संवाददाताओं को बताया कि मैराथन का आयोजन एक नवंबर को किया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *