सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में तहसील चौराहे के पास सोमवार शाम करीब 7 बजे लोहे की दुकान में करंट फैलने से दर्दनाक हादसा हो गया। दुकान में काम कर रहे 28 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे दुकान मालिक भी करंट से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों को करंट के प्रभाव से अलग किया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि झुलसे दुकानदार का प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, मिश्रिख तहसील चौराहे के पास भारतीय डाकघर के गेट के सामने मन्नू की कंप्यूटर की दुकान है। दुकान लोहे के खोखे में संचालित होती है। ग्राम गोहरी, पोस्ट अटवा निवासी आकाश राठौर (28) पुत्र चंद्र भाल पिछले करीब तीन वर्षों से इसी दुकान पर काम करता था। सोमवार को भी वह रोज की तरह दुकान पर काम कर रहा था। बताया जाता है कि शाम के समय दुकान के लोहे के खोखे को खिसकाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसमें करंट उतर आया और आकाश उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। उसे बचाने के प्रयास में दुकान मालिक मन्नू भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। मन्नू की हालत सामान्य बताई जा रही है।
दोनों को तड़पता देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को करंट के प्रभाव से अलग किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में सीएचसी मिश्रिख ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मन्नू का प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आकाश के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और दुकान में करंट फैलने की स्थिति की जांच कर रही है।

