सीकर के मौसम में आज बदलाव आया है। बंगाल की खाड़ी से उठे “अर्नब” तूफान कसर शेखावाटी में भी देखने को मिल रहा है। बीती रात से ही सर्दी का असर कुछ बढ़ गया है, वहीं आज सुबह से सीकर जिले भर में बादल छाए हुए हैं। बादलों की वजह से आज धूप कमजोर है और दिन के तापमान में गिरावट की संभावना है। सीकर में अब 31 अक्टूबर तक बारिश का येलो अलर्ट है। सीकर में पिछले एक सप्ताह से तेजी से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सीकर में आज सुबह का न्यूनतम तापमान भी स्थिर बना रहा। पिछली 4 रातों से सर्दी की दस्तक ने धूंजणी छुटा दी है। गत 22 अक्टूबर से रात के समय सर्दी का असर बढ़ गया है। सीकर के तापमान में भी इन दिनों गिरावट देखने को मिली है। इस साल मानसून की बारिश अच्छी नहीं होने के बावजूद सीकर में सर्दी ने लगभग तय समय से दस्तक दे दी है। बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर के फतेहपुर स्थित मौसम अनुसंधान कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री दर्ज किया गया और सुबह का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर के तापमान में अगले तीन-चार दिनों में काफी उतार चढ़ाव की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के निर्देशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब तूफान की वजह से भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव हुए हैं। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अगले 2 दिनों तक बारिश की संभावना है। बारिश होने की वजह से एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 2 नवंबर से सीकर का मौसम फिर बदलने का अनुमान है।

