सराफा से सोना लेकर भागे दो बंगाली कारीगरों पर केस:रतलाम में ज्वेलर्स ने गहने बनाने दिया था 13 लाख का सोना

सराफा से सोना लेकर भागे दो बंगाली कारीगरों पर केस:रतलाम में ज्वेलर्स ने गहने बनाने दिया था 13 लाख का सोना

रतलाम के सराफा बाजार से करीब 13 लाख रुपए का 88 ग्राम सोना लेकर फरार हुए दो बंगाली कारीगरों के खिलाफ माणकचौक थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। दोनों भाई जेवर बनाने का काम करते थे। व्यापारियों ने उन्हें जेवर बनाने के लिए सोना दिया था, लेकिन तय समय पर जेवर नहीं लौटाए और दुकान बंद कर रतलाम से चले गए। पुलिस ने सुनारों की गली, चांदनी चौक निवासी व्यापारी चेतन सोनी की शिकायत पर अजीम और अजीज पिता शेख अरमान, निवासी सीटी सेंटर के सामने धनजी बाई का नोहरा, रतलाम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में टीम बंगाल भेजने की तैयारी कर रही है। 70 ग्राम सोना देकर बनवाए थे झुमके और दाने चेतन सोनी ने पुलिस को बताया कि सराफा बाजार चांदनी चौक में उनकी श्री आशापुरा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। वह करीब 5-6 साल से अजीम शेख से सोने के दाने बनवाने का काम करवाते थे। करीब एक महीने पहले अजीम अपने भाई अजीज को दुकान पर लेकर आया और उससे झुमके बनवाने की बात कही। 19 अगस्त 2026 को चेतन ने अजीज को 15 जोड़ी यानी 30 नग झुमके बनाने का ऑर्डर दिया। इसके लिए 50 ग्राम सोना दिया गया। अजीम ने 24 अगस्त को झुमके देने की बात कही। इसके बाद चेतन ने अपने कारीगर रंजन को 20 ग्राम सोना देकर दाने बनवाने के लिए अजीम की दुकान पर भेजा। इस तरह दोनों भाइयों के पास कुल 70 ग्राम सोना चला गया, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए थी। दुकान पर मिला ताला, दोनों के फोन बंद जब रंजन ने अजीम से झुमके और दाने तैयार होने के बारे में पूछा तो उसने दो दिन बाद सामान देने की बात कही। 24 अगस्त को चेतन ने अपने बेटे कृष्णा सोनी को दोनों भाइयों की दुकान पर भेजा। वहां ताला लगा मिला। अजीम और अजीज के मोबाइल भी बंद थे। वाट्सऐप कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। चेतन के अनुसार, उन्होंने दोनों भाइयों को दुकान खोलने के लिए रकम बनाने के औजार और मशीन भी दिलाई थी। दुकान मालिक से पूछने पर पता चला कि दोनों वहां नहीं हैं। दूसरे व्यापारी का 18 ग्राम सोना भी मिला जांच के दौरान पता चला कि किशन पिता हेमंत कुमार सोनी, निवासी कसारा बाजार रतलाम का भी करीब 18 ग्राम सोना अजीम लेकर चला गया है। दोनों व्यापारियों का कुल 88 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई गई है। व्यापारियों ने करीब एक महीने पहले थाने में शिकायत की थी। वे अपने स्तर पर दोनों भाइयों की तलाश कर रहे थे। अब माणकचौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि व्यापारियों की शिकायत पर सोना लेकर फरार हुए दोनों कारीगरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम बंगाल भेजी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *