समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव और मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की सेंधू तारा ग्राम पंचायत के कई बार प्रधान रहे डॉ. माखनलाल यादव का बुधवार देर शाम निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार जारी था। उनके निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। गुरुवार, 27 अगस्त की दोपहर बाद को सेंधू तारा ग्राम पंचायत में डॉ. माखनलाल यादव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। सांसद अवधेश प्रसाद ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि डॉ. माखनलाल यादव का निधन समाजवादी पार्टी और सभी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षति है। उन्होंने उन्हें पार्टी का कर्मठ, जुझारू और समर्पित नेता बताया। सांसद ने कहा कि डॉ. यादव ने पूरी निष्ठा के साथ समाजवादी विचारधारा और संगठन को मजबूत करने का काम किया। ग्राम प्रधान के रूप में भी उन्होंने जनता की सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य किया। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. यादव का सहज, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित साथी और संघर्षशील जनसेवक खो दिया है। सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि अंतिम संस्कार में निवर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, ब्लॉक प्रमुख अंकुर सेन यादव, सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, निवर्तमान जिला महासचिव बख्तियार खान, डॉ. राम सुमेर भारती सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। डॉ. यादव लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहे और समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कई बार ग्राम प्रधान रहकर उन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। अंतिम संस्कार के दौरान सेंधू तारा में उपस्थित लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

