मेरठ के पल्लवपुरम स्थित शीलकुंज कॉलोनी में मूलभूत समस्याओं को लेकर रविवार को कॉलोनीवासियों ने गेट नंबर-1 पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने में महिलाएं, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में अन्य निवासी शामिल हुए। कॉलोनीवासियों ने मेंटेनेंस व्यवस्था, सुरक्षा, आवारा कुत्तों, बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। शीलकुंज निवासी कांग्रेस नेता अवनीश काजला ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से मेंटेनेंस का काम कर रही इंडस वैली प्रमोटर्स की BNB कंपनी द्वारा कॉलोनी की व्यवस्थाओं का सही ढंग से संचालन नहीं किया जा रहा है। इससे कॉलोनीवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर अब कई परिवार घरों के बाहर ‘पलायन को मजबूर’ होने के फ्लेक्स लगाने की घोषणा कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने बताया कि मेंटेनेंस के जो चेक शीलकुंज न्याय एवं सुधार समिति के पास जमा किए गए हैं, वे फिलहाल समिति के पास ही रहेंगे। अगले छह माह के चेक भी समिति के पास जमा रखे जाएंगे। चारों समस्याओं का लिखित और संतोषजनक समाधान होने के बाद ही ये चेक BNB को सौंपे जाएंगे। सात दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी आरपी गुप्ता ने बताया कि धरने के दौरान सर्वसम्मति से BNB को सात दिन का समय दिया गया है। कॉलोनीवासियों के मुताबिक, चार प्रमुख समस्याओं का लिखित और संतोषजनक समाधान होने तक धरना स्थल पर टेंट लगा रहेगा। सात दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो घरों के बाहर पलायन को मजबूर होने के फ्लेक्स लगाए जाएंगे। इसके बाद पूर्व सूचना देकर बिल्डर अजय गुप्ता का घेराव किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घेराव कर्मचारियों का नहीं, बल्कि बिल्डर का किया जाएगा। इस दौरान अवनीश काजला, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रदीप सेठी, मनोज गर्ग, विपिन राणा, सोनी त्यागी, हरिओम कंसल, डॉ. एनके गुप्ता, हेमराज चौहान, प्रज्ञा पंवार, प्रबल साहनी, राहुल नैन, अंकित बालियान, सुदीप आनंद और डॉ. संदीप भंडारी समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

