करनाल में घर से स्मैक बेच रहा युवक अरेस्ट:फ्रिज के ऊपर छिपाकर रखी हेरोइन बरामद, पुलिस ने ड्रग्स मनी भी बरामद की

करनाल में घर से स्मैक बेच रहा युवक अरेस्ट:फ्रिज के ऊपर छिपाकर रखी हेरोइन बरामद, पुलिस ने ड्रग्स मनी भी बरामद की

करनाल की शिवाजी कॉलोनी में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की टीम ने घर से नशा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के मकान से 7.86 ग्राम हेरोइन और 7,450 रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार] आरोपी घर के अंदर फ्रिज के ऊपर कपड़े के नीचे नशीला पदार्थ छिपाकर रखता था और वहां आने वाले लोगों को बेचता था। मामले में थाना शहर करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मुखबिर की सूचना पर घर पहुंची टीम एचएसएनसीबी यूनिट करनाल के इंचार्ज इंस्पेक्टर ऋषीपाल सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि आदर्श निवासी शिवाजी कॉलोनी, हांसी रोड, करनाल अपने घर से हेरोइन/स्मैक बेच रहा है। सूचना के अनुसार वह मकान के हॉल से ग्राहकों को बेच रहा था। टीम ने सूचना की पुष्टि के बाद बताए गए मकान पर दबिश दी। वहां मुख्य गेट खुला मिला और उसके पास खड़े युवक को कर्मचारियों की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आदर्श बताया। फ्रिज के ऊपर कपड़े के नीचे मिली स्मैक पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी और मकान की तलाशी ली। इस दौरान रसोई की दीवार के पास रखे नीले रंग के फ्रिज के ऊपर कपड़े के नीचे एक पॉलीथिन, कुछ हवा बंद पन्नियां, कागज के टुकड़े और कपड़े की थैली मिली। पॉलीथिन में हल्के गुलाबी रंग का पाउडर था, जिसे हेरोइन बताया गया। आरोपी ने भी पदार्थ की पहचान स्मैक के रूप में की। कंप्यूटर कांटे से तौलने पर वजन 7.86 ग्राम मिला, जो पुलिस के अनुसार मध्यम मात्रा की श्रेणी में आता है। कपड़े की थैली से 7,450 रुपए भी मिले, जिन्हें नशा बिक्री की रकम मानकर कब्जे में लिया गया। सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस मामला दर्ज होने के बाद आगे की जांच थाना शहर करनाल को सौंप दी गई है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *