शाहजहांपुर में महिला से छेड़छाड़:विरोध करने पर पति और बेटे को पीटा, पांच नामजद पर FIR दर्ज

शाहजहांपुर में एक महिला से छेड़छाड़ के विरोध पर उसके घर में घुसकर हमला किया गया। इस हमले में महिला, उसके पति और दो बेटे घायल हो गए। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले में 21 मई की रात हुई। पीड़िता अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रही थी, तभी मोहल्ले के आसिफ और चांदमियां ने उससे छींटाकशी की। महिला ने घर पहुंचकर अपने पति को घटना की जानकारी दी। पति ने आरोपियों के घर जाकर शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन वहां आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट की धमकी देते हुए लाठी-डंडे लेने घर के अंदर चले गए। डरकर पति अपने घर लौट आए। इसके तुरंत बाद, आरोपी लाठी-डंडे लेकर पीड़िता के घर में घुस गए और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता, उसके पति और उनके दो बेटे घायल हो गए। परिवार की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। एसपी के निर्देश पर सदर बाजार थाने में पीड़िता की तहरीर के आधार पर आसिफ, चांदमियां, जुल्फिकार, हनीफ और अनीस के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *