लुधियाना में लोकल अड्डा, घंटा घर, बस स्टेंड आदि इलाकों में ऑटो गैंग पूरी तरह से एक्टिव है। बाहर से आने वाले यात्रियों के साथ ये नौसरबाज ऑटो गैंग वाले लूटपाट की वारदातें कर रहे है। जानकारी मुताबिक मोगा से अपनी ननद की शादी में शामिल होने लुधियाना आई महिला के साथ ऑटो में बैठाकर ध्यान भटकाने और गहने व मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता किरण रानी निवासी मोगा की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-1 पुलिस ने आरोपी जाहुल, राजू, इजरायल और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की है। ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे थे जिन्होंने ध्यान भटकाया पुलिस को दी शिकायत में किरण रानी ने बताया कि 20 सितंबर 2026 को वह अपनी ननद की शादी में शामिल होने के लिए पति, बेटी और बेटे के साथ मोगा से लुधियाना आई थी। बस स्टैंड से परिवार ने हरे रंग के ऑटो नंबर PB10JE-8034 में बैठकर घर के लिए रवाना हुए। ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। शिकायत के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने बातचीत में उलझाकर परिवार का ध्यान भटकाया। घर पहुंचने के बाद जब परिवार ने अपना सामान चेक किया तो गहने और मोबाइल फोन गायब मिले। महिला को शक हुआ कि ऑटो चालक और उसके साथियों ने रास्ते में ध्यान भटकाकर सामान चोरी किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद जाहुल और राजू सिंह को काबू किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी इजरायल समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए अन्य सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है। की जांच ASI मनप्रीत सिंह कर रहे है।

