लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और महान स्वतंत्रता सेनानी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार कों श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा शास्त्री जी की सादगी और देशसेवा को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित गांधी पार्क में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास परिसर में स्थित लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर अभाविप लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के मंत्री आर्यन कुशवाहा ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान की, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा कविता कुशवाहा ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन त्याग, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

