राजधानी लखनऊ में लखनऊ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की मतगणना के पहले दिन तस्वीर साफ होती दिख रही है। शुक्रवार को हुई शुरुआती गिनती में अध्यक्ष और महामंत्री पद पर कड़ा मुकाबला नजर आया, जिसमें फिलहाल जीएन शुक्ला ‘चच्चू’ और जितेंद्र यादव ‘जीतू’ बढ़त बनाए हुए हैं।
अध्यक्ष पद पर जीएन शुक्ला आगे, सुरेश पांडेय पीछा कर रहे
पहले दिन 1500 वोटों की गिनती में अध्यक्ष पद के लिए जीएन शुक्ला ‘चच्चू’ को 688 वोट मिले हैं, जिससे वह सबसे आगे चल रहे हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश पांडेय को 618 वोट मिले हैं। वहीं राजेंद्र शर्मा 75 और परशुराम मिश्र 65 वोटों के साथ काफी पीछे हैं।
महामंत्री पद पर जितेंद्र यादव की मजबूत बढ़त
महामंत्री पद की गिनती में जितेंद्र यादव ‘जीतू’ ने 614 वोट हासिल कर बढ़त बनाई है। आदर्श मिश्रा 476 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कुलदीप वर्मा को 300 वोट मिले हैं, जबकि मारुत शर्मा (65) और कामिनी ओझा (11) काफी पीछे चल रहे हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला दिलचस्प
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। मनीष श्रीवास्तव 317 वोटों के साथ आगे हैं, जबकि यज्ञमणि को 221 और सौरभ को 197 वोट मिले हैं।
2722 वोट पड़े, 3672 में से अच्छा मतदान
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए कैसरबाग स्थित परिसर में बुधवार को मतदान हुआ था। कुल 3672 मतदाताओं में से 2722 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो अच्छी भागीदारी मानी जा रही है।
पहली बार लागू हुआ महिला आरक्षण
इस बार चुनाव में पहली बार महिला आरक्षण लागू किया गया है। 22 पदों के लिए 116 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें कोषाध्यक्ष समेत कुल 7 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। कोषाध्यक्ष पद पर चार महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं, जबकि वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी में भी महिलाओं के लिए तीन-तीन सीटें सुरक्षित हैं।


