रेलवे ग्रुप-D परीक्षा में बिहार का फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार:रतलाम में रेटिना मैचिंग टेस्ट में पकड़ा गया, फिजिकल दौड़ में भी हुआ था शामिल

रेलवे ग्रुप-D परीक्षा में बिहार का फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार:रतलाम में रेटिना मैचिंग टेस्ट में पकड़ा गया, फिजिकल दौड़ में भी हुआ था शामिल

रतलाम में रेलवे ग्रुप-D (लेवल-वन) की भर्ती के लिए रेलवे ग्राउंड पर चल रहे फिजिकल एफिशियंसी टेस्ट (PET) में बिहार का एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। रेटिना मैचिंग के दौरान उसकी पहचान हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी 2 सितंबर को भी इसी ग्राउंड पर एक अन्य अभ्यर्थी की जगह फिजिकल टेस्ट दे चुका था। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ पश्चिम रेलवे मुंबई के कार्यालय अधीक्षक राजेश्वर तिवारी की शिकायत पर जीआरपी थाना रतलाम ने फर्जी अभ्यर्थी अजीत कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज पेश करने का केस दर्ज किया है। मामले में अभ्यर्थी निरंजन कुमार और कुंदन कुमार के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। रेटिना मैचिंग में पकड़ा गया रविवार सुबह करीब 6 बजे रेलवे ग्राउंड पर PET चल रहा था। बिहार के मुंगेर जिले के रतनठा गांव निवासी अजीत कुमार (26) पिता दिनेश कुमार कुशवाह फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा था। रेटिना मैचिंग के दौरान कर्मचारियों को पता चला कि वह पहले भी टेस्ट दे चुका है। इस पर रेलवे कर्मचारियों ने अजीत को तत्काल पकड़ लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पूछताछ में फर्जी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने की बात सामने आई। 2 सितंबर को निरंजन की जगह दौड़ा था जांच में पता चला कि अजीत कुमार 2 सितंबर को भी रेलवे ग्राउंड पर फिजिकल टेस्ट दे चुका था। उस दिन उसने बिहार के मुंगेर निवासी अभ्यर्थी निरंजन कुमार की जगह दौड़ लगाई थी। हालांकि उस टेस्ट में वह अयोग्य पाया गया था। इसके बाद रविवार को अजीत एक अन्य अभ्यर्थी कुंदन कुमार की जगह PET देने पहुंचा। इस बार रेटिना मैचिंग के दौरान उसकी पहचान हो गई। निरंजन और कुंदन के खिलाफ भी केस जीआरपी ने निरंजन कुमार निवासी धनपुरा, जिला मुंगेर और कुंदन कुमार निवासी शंभूपुरा, जिला मुंगेर के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। दोनों अभ्यर्थियों की जगह फर्जी अभ्यर्थी अजीत कुमार PET देने पहुंचा था। जीआरपी ने अजीत कुमार और निरंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कुंदन कुमार रतलाम में परीक्षा देने नहीं आया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रैकेट में शामिल अन्य लोगों से होगी पूछताछ चौकी प्रभारी रामपाल इवने ने बताया कि गिरफ्तार अजीत कुमार और निरंजन कुमार को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड लेकर दोनों से पूछताछ करेगी। पूछताछ में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाले इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *