इटावा। जिले में परिवहन विभाग की ओर से कर बकाया रखने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। 29 से 31 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 15 वाहनों को बंद कराया गया। इन वाहनों पर 15 से 20 लाख रुपये तक का सम्मन शुल्क अधिरोपित किया गया है। वहीं शनिवार को अभियान के अंतिम दिन सुबह 10 बजे जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सात वाहन पकड़े गए, जिन पर कुल 4 लाख 73 हजार रुपये का कर बकाया मिला।
शनिवार को पीटीओ विवेक सिंह की टीम ने इकदिल, सिविल लाइन और बकेवर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। इकदिल थाना क्षेत्र में दो जेसीबी और दो डंपर पकड़े गए। बकेवर थाना क्षेत्र में एक ट्रक को कार्रवाई के दायरे में लिया गया, जबकि सिविल लाइन क्षेत्र में दो डंपर पकड़े गए। इस तरह शनिवार को कुल सात वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान शनिवार सुबह करीब 11 बजे पीटीओ ने एक जेसीबी और मिट्टी से भरे डंपर को भी पकड़ा। जांच में इन वाहनों पर कर बकाया मिलने पर चालान की कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने बकाया कर जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
परिवहन विभाग की ओर से 29 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया गया था। तीन दिनों तक चले इस अभियान में जिलेभर में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कुल 42 चालान किए गए और 15 वाहनों को बंद कराया गया। विभाग की ओर से इन सभी मामलों में 15 से 20 लाख रुपये तक का सम्मन शुल्क लगाया गया है। पीटीओ विवेक सिंह ने बताया कि कर बकाया रखने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान बकाया कर वाले वाहनों को चिह्नित कर चालान और बंद करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कर बकाया वसूली और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभाग की ओर से आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

