सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में गैस एजेंसी के बाहर रखा भरा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर बाइक सवार दो युवक चोरी कर ले गए। दोनों युवक बाइक पर एजेंसी के बाहर पहुंचे और मौका देखकर 14.2 किलोग्राम का भरा हुआ एचपी गैस सिलेंडर उठाकर फरार हो गए। एजेंसी मैनेजर को जब सिलेंडर चोरी होने का पता चला तो उसने एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक बाइक पर सिलेंडर चोरी करके ले जाते दिखाई दिए। मैनेजर ने अपने स्तर पर जांच करते हुए दोनों युवकों की पहचान भी कर ली। इसके बाद पुलिस चौकी सैदपुर पहुंचकर शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज वाली पेनड्राइव पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने शिकायत और फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक पर आए थे दो युवक, एजेंसी के बाहर से उठाया सिलेंडर खरखौदा के गांव सोहटी के रहने वाले विरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सैदपुर स्थित कुनाल एचपी गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दोपहर करीब 3:30 बजे एक मोटरसाइकिल पर दो युवक एजेंसी के बाहर पहुंचे। दोनों युवक एजेंसी के बाहर रखे 14.2 किलोग्राम के भरे हुए एचपी गैस सिलेंडर को उठाकर मोटरसाइकिल पर ले गए। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज खंगाली तो सामने आए दोनों युवकों के नाम मैनेजर विरेंद्र ने बताया कि सिलेंडर चोरी होने के बाद उसने एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सिलेंडर चोरी करते दिखाई दिए। इसके बाद उसने अपने स्तर पर दोनों युवकों के बारे में पता किया। जांच के दौरान उनकी पहचान वाजिर उर्फ टोला पुत्र सज्जन सिंह निवासी पतासे वाली गली, औचंदी रोड, बवाना दिल्ली और चीनू पुत्र प्रदीप निवासी जोहड़ वाली गली, बवाना दिल्ली के रूप में हुई। पेनड्राइव में फुटेज देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग मैनेजर ने 30 अक्टूबर को पुलिस चौकी सैदपुर पहुंचकर शिकायत दी। शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज की पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी। उसने दोनों युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुआ गैस सिलेंडर बरामद करवाने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज किया पुलिस चौकी सैदपुर में तैनात HC सुमित ने शिकायत और पेनड्राइव में मौजूद फुटेज का अवलोकन किया। पुलिस के अनुसार, शिकायत के तथ्यों और फुटेज के आधार पर धारा 303(2) और 3(5) BNS के तहत अपराध बनता पाए जाने पर थाना खरखौदा में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच ASI विनोद कर रहे हैं। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

