रेडिसन होटल समेत 13 प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी:इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कैंटीन सहित 4 प्रतिष्ठान सील, 17 सैंपल लिए गए

रेडिसन होटल समेत 13 प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी:इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कैंटीन सहित 4 प्रतिष्ठान सील, 17 सैंपल लिए गए

प्रयागराज कमिश्नर डॉ. लोकेश एम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर में व्यापक छापेमारी की। इस अभियान के तहत रेडिसन होटल सहित 13 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मौके से दूध, पनीर, केला, मिठाई, ब्रेड, बिस्किट, केक और मैदा सहित 17 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मानकों के विपरीत खाद्य कारोबार संचालित करने और अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कैंटीन सहित कुल चार प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। सील किए गए अन्य प्रतिष्ठानों में अनीशा डेयरी अतर्रामपुर, केजीएन फ्रूट कंपनी मम्फोर्डगंज और शिवकुटी स्थित केला राइपनिंग चैंबर शामिल हैं। प्रयागराज के बड़े होटल रेडिसन में भी गहन जांच की गई। खाद्य सुरक्षा टीम को होटल परिसर में साफ-सफाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद विभाग की ओर से रेडिसन होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान कई अन्य स्थानों पर भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। केजीएन फ्रूट कंपनी और शिवकुटी के राइपनिंग चैंबर में बिना खाद्य पंजीकरण के लगभग 40 क्विंटल केले रसायनों के माध्यम से पकाए जा रहे थे। इन केलों का नमूना लेकर कारोबार बंद कराया गया। टोपनदास कन्फेक्शनरी के केक निर्माण क्षेत्र में भी खामियां मिलीं, जिसके सुधार होने तक प्रतिष्ठान को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्मी डेयरी में प्लास्टिक के कंटेनर में रखे संदिग्ध मिश्रित दूध का नमूना लेकर शेष दूध को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में संतोष स्वीट एंड कन्फेक्शनरी (तैलियरगंज), श्री कृष्णा डेयरी (गोविन्दपुर), माधव डेयरी (चांदपुर सलोरी), इंडियन क्वालिटी कन्फेक्शनरी (म्योर रोड) और गोल्डन बेकरी (गढ़ी सराय) सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर भी नमूने लिए गए और नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी 17 नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *