गोविंद नगर में गाली-गलौज का विरोध करना तीन दोस्तों को भारी पड़ गया। नशेबाजों की टोली ने दोस्तों को दौड़ा-दौड़ाकर बीच सड़क गिरा-गिराकर पीटा। आरोप है कि, हमलावर मोबाइल व सोने की चेन लूट ले गए। वहीं, दबंगों की गुंडई घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज मंगलवार शाम सोशल मीडिया में वायरल हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सात अगस्त देर रात की वारदात रामआसरे नगर निवासी रितिक सिंह के मुताबिक सात अगस्त की रात करीब 10 बजे वह रामलीला मैदान में दोस्त हर्ष और प्रियांशु के साथ खड़े थे। इस दौरान कुछ दूरी पर खड़े ऑटो में छह-सात युवक शराब पी रहे थे। उनमें से दो-तीन युवक नीचे उतरे और फिर गाली–गलौज करने लगे। विरोध पर सभी युवक अचानक बाहर आए और लात-जूतों व डंडो से पीटने लगे। बचाने आए दोस्तों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर रितिक का मोबाइल व गले से सोने की चेन तोड़कर ले गए। घटना से जुड़ा 1 मिनट 43 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


