राष्ट्रीय राजमार्गों से हटेगा अतिक्रमण, डीएम ने दिए निर्देश:अमेठी में सड़क सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट पर भी कार्रवाई

राष्ट्रीय राजमार्गों से हटेगा अतिक्रमण, डीएम ने दिए निर्देश:अमेठी में सड़क सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट पर भी कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात सुधारने और लोगों की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक सरवणन टी समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल थे। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों की समीक्षा की और समय पर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर और इन्हौना इलाके में बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क किनारे से अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाने का आदेश दिया। एनएचएआई के अधिकारियों से कहा गया कि वे संबंधित उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार और यातायात नियमों के पालन की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य सड़कों और संवेदनशील जगहों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और सड़क मरम्मत के काम को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, पूरे हो चुके कामों का भौतिक सत्यापन भी कराने को कहा। स्कूली और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और दूसरे दस्तावेजों की जांच करने का निर्देश दिया गया। 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों पर खास नजर रखने को कहा गया। इसके अलावा, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क किनारे की झाड़ियों को काटने, टोल प्लाजा पर क्रेन, गैस कटर, एंबुलेंस और दूसरे जरूरी सामान रखने पर जोर दिया गया। मुख्य चौराहों पर रोशनी और चेतावनी संकेत ठीक रखने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। इसलिए नियमों को लागू करने के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं। इस बैठक में सीडीओ पूजा साहू, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डीईएसटीओ पन्नालाल, अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र, एआरटीओ, बीएसए, डीआईओएस और एनएचएआई के प्रतिनिधि समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *