रायबरेली में रक्षाबंधन के अवसर पर स्कूली छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं का समूह एसपी कार्यालय पहुंचा और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। एसपी ने भी बच्चों को रिटर्न गिफ्ट देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं ने एसपी को राखी बांधने के बाद मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की बधाई दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई व भविष्य को लेकर जानकारी ली। एसपी रवि कुमार ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक और स्कूली बच्चों के बीच हुई इस आत्मीय मुलाकात से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व सौहार्द का संदेश गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

