उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की अंतिम परीक्षा रविवार को जालौन में हो रही है। उरई और जालौन नगर के 12 केंद्रों पर सुबह से अभ्यर्थियों की कतारें लगी हैं। प्रवेश से पहले उनके जूते-मोजे उतरवाकर जांच की जा रही है। उरई के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज केंद्र पर भी सुबह से अभ्यर्थी पहुंचने लगे। परीक्षा केंद्रों पर तय प्रक्रिया के तहत जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। जिले में PET-2026 के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीनों दिन की परीक्षा में कुल 29,952 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। अंतिम दिन दोनों पालियों में 9,984 अभ्यर्थियों के बैठने का इंतजाम किया गया है।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार, 1 नवंबर को अंतिम पाली की परीक्षा पूरी होने के साथ जिले में PET-2026 की परीक्षा प्रक्रिया खत्म हो जाएगी।

