राजस्थान के आसिफ बिग-बॉस में आएंगे नजर,सलमान के सामने रोए:बोले- पिता के निधन के बाद परिवार टूट गया था, पढ़ाई के साथ काम किया; पंचायत से मिली पहचान

राजस्थान के आसिफ बिग-बॉस में आएंगे नजर,सलमान के सामने रोए:बोले- पिता के निधन के बाद परिवार टूट गया था, पढ़ाई के साथ काम किया; पंचायत से मिली पहचान

पंचायत वेब सीरीज में दामादजी का किरदार निभाने वाले राजस्थान के आसिफ खान बिग बॉस में नजर आएंगे। बिग बॉस के मंच पर उन्होंने सलमान खान के साथ फिल्म रेडी के गाने पर डांस किया। इस दौरान वे भावुक हो गए और कहने लगे- अम्मी आज सलमान खान के साथ खड़ा हूं। आसिफ ने अपने स्ट्रगल के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में मन नहीं था, स्कूल में नाटक करता था। तब टीचर की तारीफ मिलती थी। इस बीच 2008 में पिता का निधन हो गया। प्राइवेट से सरकारी स्कूल में आ गया। घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए साथ-साथ काम किया। चित्तौड़गढ़ से जयपुर आने का मौका मिला तो थिएटर किया। अभिनय की बारीकियां सीखीं। मुंबई आकर सपने पूरे हुए और पंचायत वेब सीरिज से लोगों का बहुत प्यार मिला। बता दें कि आसिफ ने अपने संघर्ष के दिनों में सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी में किचन की साफ-सफाई का काम किया था। करीब एक साल पहले बीमारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर जिंदगी को लेकर एक भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने लिखा था- 6 घंटे तक एक चीज को देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी बहुत छोटी है। एक दिन को सामान्य मानकर नहीं चलना चाहिए, क्योंकि सब कुछ पलभर में बदल सकता है। उन्होंने लोगों से अपनी जिंदगी में मौजूद चीजों के लिए आभार व्यक्त करने और यह याद रखने की बात कही थी। आसिफ ने अपने जीवन और करियर के बारे में कई बातें साझा की, पढ़िए- सलमान खान के सामने 16 साल पुराना संघर्ष बताया 35 साल के आसिफ चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा के रहने वाले है। बिग बॉस के मंच पर आसिफ खान ने अपना करीब 16 साल पुराना किस्सा साझा किया। आसिफ ने बताया कि जब सलमान खान की फिल्म ‘रेडी’ बन रही थी। उस समय फिल्म के एक गाने में वह भी भीड़ के बीच बैक डांसर के तौर पर शामिल हुए थे। उस समय शायद उन्होंने सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन वह उसी सलमान खान के सामने खड़े होंगे और उनके साथ मंच पर डांस करेंगे। बिग बॉस के मंच पर सलमान खान ने उसी गाने पर आसिफ के साथ डांस किया। यह पल आसिफ के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था।

पढ़ाई से बचने के लिए नाटक करते थे आसिफ के पिता एक सीमेंट कंपनी में काम करते थे। मां गृहिणी थी। आसिफ ने बताया कि वे इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ते थे लेकिन पढ़ाई में उनका मन बिल्कुल नहीं लगता था। जैसे-तैसे वह परीक्षा पास करते थे। पढ़ाई से बचने के लिए वार्षिक समारोह में नाटक में हिस्सा लिया था। इस छोटे से फैसले ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। पहली बार उन्हें दोस्तों के साथ-साथ उन टीचरों से भी तारीफ मिली, जो पढ़ाई के लिए कभी उनकी प्रशंसा नहीं करते थे। इस प्रोत्साहन के कारण ही अलग-अलग नाटक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगे। धीरे-धीरे चित्तौड़गढ़ और आस-पास के इलाकों में उनकी पहचान एक अच्छे कलाकार के रूप में बनने लगी। पिता के निधन के बाद जीवन में आया संघर्ष आसिफ ने बताया कि साल 2008 में उनके पिता का निधन हो गया था। तब वे सातवीं क्लास में पढ़ते थे। परिवार पर आर्थिक संकट आ गया था। बड़े भाई पढ़ाई में अच्छे थे, इसलिए परिवार ने तय किया कि भाई अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे और वह घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए काम करेंगे। निजी स्कूल की फीस भरना मुश्किल हो गया था। तब सरकारी स्कूल में एडमिशन लिया था। परिवार की मदद के लिए काम करना भी शुरू कर दिया था। सुबह से दोपहर तक काम करने के बाद वह स्कूल जाते थे। स्कूल के बाद भी काम करते थे। करीब डेढ़-दो साल तक यह सिलसिला चलता रहा। इस दौरान उन्होंने कई छोटी-मोटी नौकरियां कीं। कुछ समय अपने मामा के साथ स्टील फर्नीचर का काम भी किया। जयपुर से मुंबई गए, पंचायत में दामादजी का रोल मिल आसिफ ने जयपुर में कई साल तक थिएटर किया और यहीं से अभिनय की बारीकियां सीखीं। रंगमंच ने उन्हें मंच पर आत्मविश्वास दिया और अभिनय को पेशे के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा दिखाई। इसके बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया, जहां शुरुआत में उन्हें आर्थिक परेशानियों और छोटे-मोटे कामों से गुजरना पड़ा। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें अभिनय के मौके मिलने लगे और उन्होंने फिल्मों तथा वेब सीरीज में काम करना शुरू किया। आसिफ खान को सबसे ज्यादा चर्चा लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ से मिली। सीरीज में उनके किरदार ने दर्शकों का ध्यान खींचा और उनके अभिनय को खास पहचान मिली। इसके बाद वह मनोरंजन जगत में एक पहचाना हुआ चेहरा बन गए। संघर्ष के दिनों में सैफ और करीना की शादी के फंक्शन में बर्तन तक धोए आसिफ ने सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी में किचन की साफ-सफाई का काम किया है। उन्होंने बताया कि एक होटल में काम करने के बाद मैं मुंबई के एक-दूसरे फेमस होटल में काम करने लगा। यहां मैं किचन डिपार्टमेंट में काम करता था। एक दिन देखा कि उसी होटल में शाम को करीना कपूर और सैफ अली खान की शादी होनी है। ये देख मैं बहुत खुश हुआ कि आज कई नामचीन सेलिब्रिटी से मुलाकात हो जाएगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।

शाम को फंक्शन शुरू हुआ। मैंने देखा कि फंक्शन में अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण जैसे बड़े सेलेब्स आए हैं। मैं किचन से ही उन्हें निहार रहा था, अंदर से उनसे मिलने के लिए बेचैन हो रहा था। मैंने मैनेजर से कहा कि आज मुझे वेटर का काम दे दो, लेकिन वो नहीं माना। मैंने बहुत मिन्नतें कीं, पर उसका दिल नहीं पिघला। मैनेजर की जिद की वजह से कुछ ही दूरी पर बैठे उन लोगों से नहीं मिल पाया, जिनसे मिलना मेरा बहुत बड़ा सपना था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *