नगर परिषद चुनाव को लेकर चल रहा प्रचार आज शाम 5 बजे बंद हो जाएगा। प्रचार की समय सीमा खत्म होने से पहले प्रत्याशियों ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ वार्डों में घूमकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। शाम 5 बजे के बाद लाउडस्पीकर, होर्डिंग और सार्वजनिक प्रचार पर रोक लग जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी सिर्फ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। बाइक पर स्पीकर और होर्डिंग लगाकर प्रचार वार्ड संख्या-10 के निर्दलीय प्रत्याशी शेरू खान अलग अंदाज में प्रचार करते नजर आए। उन्होंने बाइक पर स्पीकर और होर्डिंग लगाया और वार्ड में प्रचार किया। इस दौरान वे अपने वार्ड के साथ दूसरे वार्डों में भी प्रचार करते दिखाई दिए। वहीं, कई निर्दलीय प्रत्याशी मतदाताओं के घर पहुंचकर पैर छूते हुए आशीर्वाद और समर्थन मांग रहे हैं। 40 वार्डों में 44 मतदान केंद्र नगर परिषद के 40 वार्डों में मतदान के लिए कुल 44 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें 40 मुख्य और 4 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। वार्ड संख्या-27 में कुल 1,674 मतदाता हैं। मतदाताओं की संख्या ज्यादा होने के कारण यहां 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भीनमाल रोड स्थित उपनिदेशक कृषि एवं परियोजना निदेशक (आत्मा) कार्यालय के कमरा संख्या-4 में मुख्य मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां 928 मतदाता वोट डालेंगे। वहीं, इसी कार्यालय के कमरा संख्या-6 में सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां 746 मतदाता मतदान करेंगे। 38, 39 और 40 में भी दो-दो केंद्र वार्ड संख्या-38, 39 और 40 में भी मतदाताओं की संख्या को देखते हुए एक-एक मुख्य और सहायक मतदान केंद्र बनाया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

