बीकानेर। बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष की अवधि के लिए निलंबित कर दिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने आदेश जारी किया। आदेश में बताया कि बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की ओर से मिली शिकायत के अनुसार वार्ड नंबर 50, नगर निगम बीकानेर के कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन के दौरान दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष के साथ इस तरह के व्यवहार को अत्यंत गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निलंबित करने का निर्णय लिया। इधर, जेएनवीसी थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की रिपोर्ट पर मोहित अरोड़ा पुत्र दीपक अरोड़ा एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने सैटेलाइट अस्पताल के पास रहने वाले सन्नी 26 पुत्र धर्मेन्द्र वाल्मीकि, सर्वोदय बस्ती निवासी सोनू 19 पुत्र सुनील तेली खोखर, चूंगी चौकी निवासी अरुण पुत्र संतोष वाल्मीकि, बिहार हाल नाइट आउट बीयर बार निवासी मोहम्मद आजाद 26 पुत्र उज्जैन साफी को गिरफ्तार कर लिया है।
महज 5 सेकेंड में 17 थप्पड़ जड़े
बता दें कि बीकानेर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के टिकट और सिंबल को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को सड़क पर आ गया। वार्ड 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट की। पांच से सात युवकों ने मेघवाल के महज 5 सेकेंड में 17 थप्पड़ जड़ दिए। इसक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस दौरान कार्यकर्ता ‘टिकट चोर’ के नारे भी लगा रहे थे। घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला भी मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद आरोपी युवक वहां से चले गए।
आरोपियों में एक था टिकट का दावेदारः मेघवाल
मदन गोपाल मेघवाल का कहना है कि दीपक अरोड़ा के बेटे ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की शुरूआवत की। आरोपी युवक ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर एक तरफ बुलाया और मारपीट शुरू कर दी। उनका कुर्ता तक फाड़ दिया गया। आरोपी युवक वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस टिकट का दावेदार भी था। मेघवाल के अनुसार युवक ने एक दिन पहले ही पार्टी प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही थी।
सिंबल को लेकर चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों को सिंबल जारी करने को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की ओर से जिन प्रत्याशियों के नाम तय कर सिंबल जारी किए गए थे, उनमें बाद में फेरबदल किया गया।

