चंडीगढ़ के सेक्टर-16 और 17 को जोड़ने वाली सड़क पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पलटियां खाते हुए सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी ने 4 से 5 पलटियां खाईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थार में सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला गया। घायलों में साहिल नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त हिमांशु घायल है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय थार में दो युवक सवार थे। मृतक साहिल हरियाणा के रोहतक का रहने वाला था। वहीं, उसका दोस्त हिमांशु 22 साल का है और बिहार का रहने वाला है। हिमांशु चंडीगढ़ के माली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था और एक आईटी कंपनी में नौकरी करता है। तेज रफ्तार के कारण गाड़ी से नियंत्रण खोया सेक्टर-26 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि थार की रफ्तार काफी तेज थी। ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान थार पहले सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई और फिर 4 से 5 पलटियां खा गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवकों को मशक्कत के बाद निकाला हादसे के बाद दोनों युवक थार के अंदर फंस गए थे। गाड़ी की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों को बाहर निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान साहिल की मौत हो गई, जबकि हिमांशु का इलाज चल रहा है। पुलिस कर रही हादसे की जांच पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और गाड़ी पर नियंत्रण खोना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

