धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के निधेरा कला गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे दुकान पर बैठी महिला को गोली मार दी गई। गोली महिला के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल धौलपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। परिजनों ने गोली चलाने का आरोप महिला के पारिवारिक रिश्तेदार पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है। दुकान पर बैठी थी महिला, तभी चली गोली मिली जानकारी के अनुसार निधेरा कला गांव की प्रियंका पत्नी सोनू सोमवार रात अपनी दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान एक युवक ने उसे गोली मार दी। गोली महिला के पैर में लगी। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल प्रियंका को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। पारिवारिक रिश्तेदार पर लगाया आरोप महिला के देवर मोनू ने बताया कि गोली मारने का आरोप उनके पारिवारिक रिश्तेदार महेंद्र पुत्र शिव सिंह पर है। उनके अनुसार महेंद्र, महिला के पति सोनू की बुआ का लड़का है और रिश्ते में महिला का देवर लगता है। हालांकि, गोली चलाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और आरोपी की तलाश कर रही है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

