ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक पड़ोसी ने 10वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने छात्र के चेहरे और सिर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे उसका पूरा चेहरा कट गया और खून बह निकला। गनीमत रही कि शोर सुनकर छात्र के पिता व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। घटना मंगलवार को इंद्रा नगर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था छात्र जानकारी के अनुसार, इंद्रा नगर (चार शहर का नाका) निवासी 16 वर्षीय मनवेश वर्मा पुत्र नरेश शर्मा 10वीं का छात्र है। मंगलवार को वह अपने घर के बाहर खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी कल्लू वर्मा वहां आ पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर अकारण गाली-गलौज करने लगा। जब मनवेश ने उसे मना किया, तो आरोपी ने अचानक जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। चेहरे-सिर पर लगे वार, बह निकला खून का फव्वारा आरोपी ने मनवेश के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे चाकू उसकी बाईं कनपटी और सिर में जा लगा। वार इतने खतरनाक थे कि छात्र का चेहरा कट गया और खून बहने लगा। लहूलुहान हालत में छात्र की चीख सुनकर घर के अंदर बैठे उसके पिता दौड़कर बाहर आए। पिता को आते देख आरोपी कल्लू वर्मा उन्हें भी जान से मारने की धमकी देता हुआ अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। अस्पताल में कराया भर्ती, आरोपी फरार घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने लहूलुहान छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर पड़ोसी कल्लू वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर का कहना है कि “छात्र की शिकायत और परिजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल का इलाज जारी है। घटना के बाद से आरोपी अपने घर से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।”

