धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा टीकमगढ़ पहुंचेगी:कल संत रविदास मंदिर में देंगे प्रवचन, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाएं देखी

धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा टीकमगढ़ पहुंचेगी:कल संत रविदास मंदिर में देंगे प्रवचन, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाएं देखी

टीकमगढ़ में बुधवार को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा’ लेकर पहुंच रहे हैं। बड़ागांव धसान से यात्रा टीकमगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। मंगलवार शाम करीब 5 बजे एसपी सुधीर अग्रवाल, एडिशनल एसपी विक्रम सिंह और एसडीओपी राहुल कटरे ने बड़ागांव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और यात्रा मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बड़ागांव पहुंचकर सबसे पहले संत रविदास मंदिर में दर्शन करेंगे और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे। इसके बाद नगर से रथ यात्रा शुरू होकर प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जनता को संबोधित करते हुए सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देंगे। सुरक्षा में 250 से ज्यादा जवान तैनात लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। टीकमगढ़ एसपी ने पूरे नगर का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखा। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर 250 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *