मिर्जापुर में कजरी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प:संस्कार भारती की बैठक में मंथन, 30 अगस्त को होगा कजरी महोत्सव का आयोजन

मिर्जापुर में कजरी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प:संस्कार भारती की बैठक में मंथन, 30 अगस्त को होगा कजरी महोत्सव का आयोजन

मिर्जापुर में भारतीय कला, संस्कृति और लोकपरंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ संस्कार भारती जिला इकाई की वार्षिक योजना बैठक हुई। बैठक में विलुप्त होती कजरी परंपरा को दोबारा जनजीवन से जोड़ने, संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का शुभारंभ जिलाध्यक्ष पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, शिवराम शर्मा, काशी प्रांत उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सुचरिता गुप्ता और प्रांत अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने मां विंध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। वार्षिक गतिविधियों का प्रस्तुत किया ब्यौरा मंत्री सोमेश्वरपति त्रिपाठी ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद जिला महामंत्री शिवराम शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने संस्था की सांस्कृतिक, साहित्यिक और कलात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की परंपराओं को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर नई पीढ़ी से जोड़ना जरूरी है। दो उपाध्यक्ष समेत नए दायित्वों की घोषणा संगठन विस्तार के तहत के.बी. पीजी कॉलेज के संगीत विभाग की प्रोफेसर डॉ. नम्रता मिश्रा और सोमेश्वरपति त्रिपाठी को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं विजय द्विवेदी और रितेश श्रीवास्तव को कार्यकारिणी में प्रमुख सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। नए दायित्व प्राप्त सदस्यों का स्वागत किया गया। विशेष अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने कहा कि कला और संस्कृति किसी भी समाज की आत्मा हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी केवल किसी संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। 30 अगस्त को कजरी महोत्सव जिलाध्यक्ष पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने बताया कि 30 अगस्त को लायंस स्कूल में कजरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर की पहचान रही कजरी परंपरा धीरे-धीरे विलुप्ति की ओर बढ़ रही है। इसे दोबारा जनजीवन में प्रतिष्ठित करने के लिए संस्था लगातार प्रयास कर रही है। महोत्सव में महिलाएं हरी साड़ी, हरी चूड़ियों और पारंपरिक श्रृंगार के साथ कजरी गायन में शामिल होंगी। बैठक में गूंजी कजरी, दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि काशी से पहुंचीं विदुषी सुचरिता गुप्ता ने बैठक में कजरी की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इस दौरान दिवंगत सदस्यों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस बैठक में पूर्व अध्यक्ष शंकर सोनी, राजकुमार पाहवा, गोपाल, पूर्णिमा द्विवेदी, अश्वनी पांडेय, रामधनी पाल, राकेश वर्मा, संजय श्रीवास्तव, आशुतोष सोनी समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। अंत में सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ बैठक का समापन हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *