हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर अविनाश उर्फ गोगलू को गिरफ्तार किया है। वह पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, अविनाश गिरोह बनाकर पाकिस्तान और पंजाब से सटे इलाकों से चिट्टे की खेप लाकर राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था। उससे अन्य साथियों से पूछताछ जारी है। 25 सितंबर को रांझू खान उर्फ रांझा पकड़ा गया था। उसके पास से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक विदेशी .30 बोर पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद मिले थे। हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में केस दर्ज हुआ।
जांच में हाकम उर्फ हाकू और सोहेल खान पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। अब अविनाश उर्फ गोगलू को पकड़ा गया है। अविनाश पर पंजाब में एनडीपीएस के 2 केस दर्ज हैं।
इस मामले में फरार राजन, अमीर खान, जहीर खान और मनदीप सिंह पर 2-2 हजार रुपए का इनाम रखा गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में है।

