मिर्जापुर में रविवार की रात पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया है। तीन थानों के प्रभारी निरीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए नई तैनाती की गई है। स्थानांतरण और नई नियुक्तियों के तहत मड़िहान, चुनार और देहात कोतवाली में नए प्रभारी निरीक्षक तैनात किए गए हैं। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सीएमएस सेल में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात नवीन कुमार तिवारी को मड़िहान थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। उन्हें अब मड़िहान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अजय सेठ को चुनार थाने का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके सामने भी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी। इसी क्रम में देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा का सोनभद्र जनपद में स्थानांतरण होने के बाद उनके स्थान पर चिल्ह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय को तैनाती दी गई है। भरत उपाध्याय अब देहात कोतवाली की जिम्मेदारी संभालेंगे। देहात कोतवाली क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराधियों पर कार्रवाई और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। एसपी अपर्णा रजत कौशिक की ओर से किए गए इस फेरबदल में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग में समय-समय पर होने वाले ऐसे प्रशासनिक बदलावों के जरिए थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और क्षेत्रीय चुनौतियों के अनुरूप जिम्मेदारियां तय की जाती हैं।

