बिलासपुर के सकरी इलाके के घुरू अमेरी में मारपीट के बाद घर जाकर सोए 35 साल के युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक के परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर और सीने में चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी जान चली गई। परिजनों ने पुलिस से मारपीट करने वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घुरू अमेरी के रहने वाले सत्यनारायण सूर्यवंशी (35) का शुक्रवार को कुछ लोगों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे वह गुटखा खाने के लिए एक चाय की दुकान के पास पहुंचा था। इसी दौरान दुकान संचालक के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सत्यनारायण के साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह घर पहुंचा और परिजनों को अपने सिर और सीने में चोट लगने की बात बताई। फिर वह घर में जाकर सो गया। कुछ समय बाद परिजन उसे जगाने पहुंचे, लेकिन वह नहीं उठा। जब उन्होंने उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने मारपीट को बताया मौत की वजह मृतक के बड़े भाई रामनारायण सूर्यवंशी का आरोप है कि मारपीट के दौरान सत्यनारायण को गंभीर चोटें आई थीं। इसी वजह से उसकी मौत हुई है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत मारपीट में लगी चोटों के कारण हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

