देवरिया में 70वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शनिवार को दिन में 12 से चार बजे तक रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। इसमें देवरिया की टीमों का दबदबा रहा। गोरखपुर मंडल के देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। देवरिया ने छह में से चार वर्गों में विजेता का खिताब जीता। बालक वर्ग के अंडर-14 में देवरिया विजेता और गोरखपुर उपविजेता रहा। अंडर-17 में देवरिया ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कुशीनगर उपविजेता रहा। अंडर-19 में गोरखपुर विजेता और देवरिया उपविजेता रहा। बालिका वर्ग के अंडर-14 में देवरिया विजेता और गोरखपुर उपविजेता रहा। अंडर-17 में गोरखपुर ने पहला स्थान हासिल किया और देवरिया उपविजेता रहा। अंडर-19 में देवरिया विजेता तथा गोरखपुर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता का आयोजन बाबा इंद्रमणि जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टीकर ने किया। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चन्द्र नाथ ने इसका उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लिया और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, विजय कुमार राय, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे। खिलाड़ियों ने दिखाई खेल भावना
पूरी प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में उदयभान सिंह, प्रभात रंजन मणि त्रिपाठी, व्यास चतुर्वेदी, लालू यादव, शैलेंद्र कुमार सैनी, प्रवीण सिंह, सतीश चंद, दिग्विजय प्रजापति, अजीत कुमार पटेल, राम और जय करन शामिल रहे।
विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। जिला क्रीड़ा सचिव विवेक राव और आयोजन प्रधानाचार्य माधव प्रसाद सिंह मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, निर्णायकों और खेल अधिकारियों का सहयोग रहा।

