अनूपपुर जिले में 12वीं कक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को स्कूटी बांटी गई। यह कार्यक्रम शनिवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने जिले के 136 मेधावी छात्रों में से 10 को सांकेतिक रूप से स्कूटी की चाबी सौंपी। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि छात्रों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का नतीजा है। उन्होंने छात्रों से जीवन में लक्ष्य तय करके उसे पाने के लिए लगातार कोशिश करने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्कूटी योजना से मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिल रहा है और आगे की पढ़ाई के लिए आने-जाने में भी सुविधा हो रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि आज मिली यह स्कूटी छात्रों की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान है। इसे सिर्फ सुविधा न समझें, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का जरिया बनाएं। उन्होंने छात्रों से अपने समय का सही इस्तेमाल करने, शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास करने और परिवार व जिले का नाम रोशन करने की अपील की। मंत्री ने छात्रों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों के योगदान को भी सराहा। स्कूटी मिलने से छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह दिखा। छात्रों ने बताया कि इससे उन्हें दूर के इलाकों से उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने में आसानी होगी और समय भी बचेगा। इस कार्यक्रम में जनजातीय आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलबीर रमन, सहायक आयुक्त सरिता नायक और जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मों समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

